प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने किया नेशनल फुटबाल चैंपियनशीप का शुभारंभ

बालाघाट। मध्य प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 26 जुलाई को बालाघाट प्रवास के दौरान जिला फुटबाल एसोसिएशन बालाघाट द्वारा 26 जुलाई से 05 अगस्त 2025 तक आयोजित जुनियर ब्वायज नेशनल फुटबाल चैंपियनशीप बीसी राय ट्रॉफी 2025-26 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने गुजरात एवं मध्यप्रदेश की टीमों के बीच होने वाले मैच से पहले खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने इस अवसर पर बालाघाट जिले को राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन का अवसर मिलने के लिए सराहना करते हुए कहा कि यह बालाघाट जिले के लिए गर्व की बात है। इससे यहॉ के खिलाडि़यों को प्रोत्साहन मिलेगा और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेलों से हमें अनुशासन, धैर्य, आपसी समन्वय एवं ताकत व कौशल के प्रदर्शन का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 16 टीमों के खिलाडि़यों से कहा कि वे खेल भावना के साथ अपने ताकत एवं हुनर का प्रदर्शन करे। इस प्रतियोगिता के माध्यम से ही देश की फुटबाल टीम का चयन होना है अत: सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में चयनित होने के लिए पूरा दमखम लगाकर खेले। राष्ट्रीय टीम के लिए खिलाडि़यों का चयन उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर ही किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने विधायक गौरव पारधी एवं आयोजन समिति के सदस्यों को इस बड़े आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में पुलिस बैण्ड द्वारा अच्छी प्रस्तुति दी गई है। इससे पुलिस जवानों की प्रतिभा को सामने आने का अवसर मिला है और यह अवसर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार खेलों को प्रोत्साहन दे रही है और इसके लिए सुविधाऍ भी उपलब्ध करा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिल रहा है।

विधायक गौरव पारधी ने इस अवसर पर बताया कि यह प्रतियोगिता 26 जुलाई से 05 अगस्त 2025 तक चलेगी और 05 अगस्त को इसका फाईनल मैच होगा। 16 वर्ष से कम आयु के खिलाडि़यों की इस राष्ट्रीय स्तर की फुटबाल प्रतियोगिता में हरियाणा, आसाम, जम्मू कश्मीर, राजस्थान, बिहार, सिक्किम, अरूणाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, त्रिपुरा, उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, अण्डमान निकोबार, आंध्रप्रदेश, पाण्डिचेरी, मध्यप्रदेश एवं गुजरात की टीम भाग ले रही है। इस प्रतियोगिता के आधार पर ही देश की जूनियर फुटबाल टीम का चयन किया जाना है।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश फुटबाल संघ के उपाध्यक्ष एवं विधायक गौरव पारधी, राजकुमार कर्राहे, अनुभा मुंजारे, मधु भगत, विक्की पटेल, पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे, कलेक्टर मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ, नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर, प्रतियोगिता आयोजन समिति के अध्यक्ष रमेश रंगलानी, अभय सेठिया, लता एलकर, महेंद्र सुराना, संयोजक तपेश असाटी, सचिव सुनील यादव, गणेश अग्रवाल, आशीष मिश्रा, गोपाल आडवाणी, सत्यनारायण अग्रवाल, किरण भाई त्रिवेदी, मप्र फुटबाल संघ के सचिव अमित रंजन देव, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।




