मध्यप्रदेशराज्य

पट्टा भूमि पर दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप

तहसीलदार व थाना प्रभारी पर लगे गंभीर आरोप

 

बालाघाट| ग्राम बम्हनी निवासी लक्ष्मण तुमसरे ने तहसीलदार और थाना प्रभारी पर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें फेग्सींग तार लगाने के लिए जबरन मजबूर किया जा रहा है। लक्ष्मण का कहना है कि यदि उन्होंने अधिकारियों की यह बात नहीं मानी,तो उन्हें आबादी की जमीन पर शासन द्वारा मिला पट्टा निरस्त कर देने की धमकी दी गई है। लक्ष्मण तुमसरे ने कहा कि उन्हें और उनके भाई को शासन से वैध रूप से आबादी की भूमि का पट्टा आवंटित हुआ है,लेकिन ग्राम सरपंच द्वारा इस भूमि पर न केवल दबंगई पूर्वक कब्जा करने का प्रयास किया गया, बल्कि जमीन के मध्य 15 बाय 15 फीट का गड्ढा भी खुदवाया गया है, जिसमें अब पानी भर चुका है। इस वजह से वह अपने मूक पशुओं के लिए समुचित व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं।

संपूर्ण गांव के पट्टों की पुन: जांच की मांग

लक्ष्मण तुमसरे ने यह भी कहा कि यदि उनके पट्टे को निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है, तो ग्राम में अन्य सभी लोगों को दिए गए पट्टों की भी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। उनका आरोप है कि सरपंच अपने पद का दुरुपयोग कर आम नागरिकों को बरगला रहा है और व्यक्तिगत द्वेष के चलते उन्हें पिछले एक वर्ष से लगातार परेशान किया जा रहा है।

उच्च न्यायालय और सिविल कोर्ट में मामला दर्ज

लक्ष्मण तुमसरे ने बताया कि सरपंच और अन्य 19 लोगों के विरुद्ध उन्होंने जबलपुर हाईकोर्ट और सिविल कोर्ट में मुकदमा दायर कर दिया है। उनका कहना है कि उन्हें न्यायिक प्रणाली पर पूर्ण विश्वास है और “सत्य की सदा विजय होती है” – इस सोच के साथ वे न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

पूर्व सरपंच व सचिव पर अधूरी नाली और राशि निकासी का आरोप

इसके साथ ही उन्होंने पूर्व सरपंच और तत्कालीन सचिव पर आरोप लगाते हुए कहा कि ग्राम में एक अधूरी नाली का निर्माण कर शासन की पूरी राशि निकाल ली गई है। इस कार्य की भी जांच कर संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उन्होंने की है।

प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप

तुमसरे का कहना है कि उन्हें बार-बार दबाव बनाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, और यह समूचा प्रकरण एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने मांग की है कि तहसीलदार, थाना प्रभारी और सरपंच की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और उन्हें न्याय दिया जाए।

Related Articles

Back to top button