जंगली सूअरों को भगाने के लिए फटाखे फोड़ने गए प्रकाश पाने हुए आदमखोर बाघ का शिकार
वन विभाग ने मृतक के परिवार को प्रदान की त्वरित सहायता राशि

बालाघाट। बालाघाट जिले के कटंगी तहसील से मात्र 8 किलोमीटर दूर ग्राम कुड़वा में बाघ के आतंक ने एक बार फिर ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है। जंगलों से घिरे इस गांव में 50 वर्षीय किसान प्रकाश पाने को बाघ ने अपना शिकार बना लिया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। पिछले चार महीनों में यह तीसरी ऐसी घटना है, जिसमें बाघ ने किसी व्यक्ति की जान ली है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन को बार-बार बाघ की मौजूदगी की सूचना दी गई, लेकिन लापरवाही के कारण यह दुखद घटना हुई।
ज्ञात हो कि मृतक प्रकाश पाने अपने खेत में जंगली सूअरों को भगाने के लिए फटाखे फोड़ने गए थे। इसके बाद वह खेत में बनी झोपड़ी में बैठे थे। सुबह होने पर जब वह घर नहीं लौटे, तो उनके बेटे और परिजनों ने खेत में तलाश शुरू की। वहां बाघ द्वारा प्रकाश के शरीर का आधा हिस्सा खाया हुआ पाया गया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर बाघ को भगाया, लेकिन तब तक प्रकाश की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों की भीड़ और आक्रोश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलें आ रही हैं।
कुड़वा गांव के आसपास के जंगल में बाघ की मौजूदगी कोई नई बात नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार महीनों से बाघ का आतंक बना हुआ है, जिसमें अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों ने कई बार वन विभाग को बाघ की गतिविधियों की जानकारी दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। डिप्टी रेंजर ज्ञानीराम घोटफोड़े ने बताया कि बाघ को पकड़ने के लिए ड्रोन और पिंजरे लगाए गए हैं।
वन मंडलाधिकारी दक्षिण सामान्य अधर गुप्ता ने वन्य प्राणी के हमले से हुई मृत्यु के मामलें में मृतक के परिवार को त्वरित रूप से 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदाय की है।
“मप्र शासन वन विभाग द्वारा जनहानि, जन घायल एवं पशु हानि मुआवजा क्षति पूर्ति राशि भुगतान की स्वीकृति प्रदान की गई है। 3 मई 25 सुबह गोरेघाट कुड़वा निवासी प्रकाश पाने की वन्य प्राणी बाघ के हमले से मृत्यु हो गई। जिसके उपरांत मृतक की पत्नी प्रमिला पाने को 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता बैंक खाते में ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदाय की गई।”
मधुवंत राव धुर्वे
कटंगी एसडीएम




