
रायपुर। सृष्टि सेवा संकल्प की जिला रायपुर इकाई और ग्रामवासियों ने एक अनोखी और भावनात्मक पहल करते हुए वृक्षों की अंधाधुंध कटाई के विरोध में शोक सभा आयोजित की। यह सभा ग्राम पंचायत दोन्दे खुर्द स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हाल ही में काटे गए लगभग 200 पेड़ों की आत्मा की शांति के लिए की गई। इस आयोजन में पेड़ों को फूलमालाएं पहनाई गईं, मोमबत्तियाँ जलाकर श्रद्धांजलि दी गई और उनकी पूजा कर उन्हें देवतुल्य सम्मान दिया गया। पेड़ कटाई स्थल से रामजानकी मंदिर तक सांकेतिक कैंडल मार्च निकालकर ग्रामीणों ने विरोध जताया और यह कामना की कि प्रभु श्रीराम नवनिर्वाचित सरपंच व पंच को सद्बुद्धि दें। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में सागौन, फलदार और अन्य उपयोगी पेड़ों की कटाई बिना किसी सरकारी अनुमति और ठोस कारण के कराई गई, जिसके पीछे ग्राम पंचायत के नवचयनित सरपंच और पंच का हाथ है।
संगठन ने उठाई आवाज, प्रशासन ने लिया संज्ञान
सृष्टि सेवा संकल्प के कार्यकर्ताओं द्वारा जब इस मामले को वन विभाग और कलेक्टर रायपुर के समक्ष उठाया गया, तो विभाग ने तुरंत पेड़ों की कटाई पर रोक लगाई। अगले ही दिन तहसीलदार और पटवारी द्वारा पंचनामा कार्रवाई की गई। कॉलोनीवासियों ने भी अपने बयान में कहा कि वे कटाई का विरोध कर रहे थे, परंतु उनकी अनसुनी की गई।
जवाबदेही की मांग
संगठन और ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि इस अवैध और पर्यावरण विरोधी कार्य में शामिल सभी दोषियों पर कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाए।
सभा में जनभागीदारी
श्रद्धांजलि सभा में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ सृष्टि सेवा संकल्प के कार्यकर्ता, पूर्व जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल भारती, पूर्व सरपंच अम्मी रेड्डी, भाजपा नेता सूरज टंडन, नलिनी कौशल, राजू वर्मा, मनमोहन सिंह, देवकुमार, अलेन सोनवानी, लालू थवाईत, भूपेंद्र, राजा, रेखा गुप्ता, विजलक्ष्मी साहू, मीना छेतीजा, वासु रेडडी जैसे प्रमुख जनप्रतिनिधि व समाजसेवी मौजूद रहे।




