मध्यप्रदेशराज्य

शासकीय अमला पंहुचा नरपी-चिलकोना: दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र के ग्राम नरपी-चिलकोना में लगाया गया जन समस्या निवारण शिविर

 पुलिस के विशेष सहयोगी दस्ते में शामिल होने नक्सल क्षेत्र के युवा आवेदन करें :  संजय कुमार

 

बालाघाट,

बालाघाट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार की उपस्थिति में 20 जुलाई को जिले के दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र के अंतर्गत लांजी विकासखंड की ग्राम पंचायत देवरबेली के ग्राम नरपी-चिलकोना में जनसमस्या निवारण शिविर लगाया गया। लगभग 35 घरों की इस आदिवासी जनजाति बहुल बस्ती में पहली बार इस तरह का कोई शिविर लगा था, जिसमें सभी विभागों के अधिकारी ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने और उनका निराकरण करने पहुंचे थे। ग्रामीणों ने भी खुलकर अधिकारियों के सामने अपनी समस्याओं को रखा ।

पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सलियों की विचारधारा खोखली और विकास की विरोधी है। वे आपके क्षेत्र का विकास नहीं होने देंगें। नक्सलियों को किसी भी तरह की मदद नहीं करें। नक्सलियों की मदद करने वालों पर पुलिस कार्यवाही करेगी। जो नक्सलियों की मदद नहीं करता है उसे पुलिस कुछ नहीं करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आत्म समर्पण करने वाले नक्सलियों के लिए पुनर्वास नीति बनाई है। नक्सली इसका लाभ लेकर मुख्य धारा में जुड़ें, पुलिस एवं प्रशासन उनके पुनर्वास में मदद करेगी। संजय कुमार ने कहा कि नक्सल प्रभावित ग्रामों से विशेष सहयोगी दस्ते में लोगों की भर्ती प्रारंभ की गई है। ग्राम नरपी-चिलकोना भी इसमें शामिल है, अत: यहां के भी 05 वीं कक्षा तक पढ़े युवा इसके लिए आवेदन करें।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ ने इस अवसर पर बताया कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामों तक पहुंचाने के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर में एक ही छत के नीचे सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर ग्रामीणों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचा रहे हैं और उनकी समस्याओं का निदान कर रहे है। इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकलसेल एवं क्षय रोगी की पहचान के लिए जांच की गई है और अन्य बीमारियों से ग्रसित लोगों का उपचार किया गया है।

नरपी में आंगनवाड़ी केन्द्र खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजा जायेगा

नरपी-चिलकोना के ग्रामीणों ने शिविर में मांग की कि नरपी में आंगनवाडी केन्द्र एवं स्कूल खोला जाये। वहां के बच्चों को इसके लिए देवरबेली जाना होता है। देवरबेली की दूरी अधिक होने के कारण बच्चों को इन सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है। गांव में बिजली के खंबे लगे हैं, लेकिन बिजली नहीं आ रही है। इस पर आई जी श्री संजीव कुमार ने कहा कि शासन के नियमों के अनुसार नरपी में आंगनवाड़ी खोला जाना संभव नहीं है, लेकिन वे शासन को इस गांव में आंगनवाड़ी केन्द्र्र खोलने के लिए विशेष छूट देने का प्रस्ताव शासन को भेजेंगें और वरिष्ठ अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा करेंगें।जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ ने ग्रामीणों को बताया कि उनकीबिजली की समस्या का निराकरण करने के लिए शीघ्र ही कार्यवाही की जायेगी। नरपी से देवरबेली की सड़क का शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराया जायेगा।

शिविर में लाड़ली लक्ष्मी योजना के 16, सुकन्या समृद्धि योजना के 38, आहार अनुदान योजना के 04, जाति प्रमाण पत्र के 14, वन अधिकार पट्टा का 01, खाद्यान्न पात्रता पर्ची के 11, पेंशन योजनाओं के 21, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के 04, संबल योजना के 74, अनुग्रह सहायता के 02, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 06, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 06 आवेदन प्राप्त हुए थे। शिविर में कृषि विभाग 05 किसानों को बीज मिनीकिट का वितरण किया गया औरकिसानों को क्रेडिट कार्ड प्रदान किये गये। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 108 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और दवायें प्रदान की गई तथा आयुष्मान योजना में 46 व्यक्तियों के कार्ड बनाये गये।

 कोरका के बैगा समूह को वाद्ययंत्र प्रदाय किये गये

शिविर में बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत मछुरदा के ग्राम कोरका के बैगा जनजाति के समूह को उनकी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए वाद्ययंत्र नगाड़ा, टिमकी, बांसुरी, वेशभूषा आदि प्रदाय किये गये। ग्राम पंचायत मछुरदा की सरपंच झिलसो बाई तिलगाम एवं उसके पति राम तिलगाम भी इस बैगा समूह के सदस्य है और पारंपरिक बैगा नृत्य के साथ गीत भी गाते हैं। हिंदुस्तान कापर लिमिटेड मलाजखंड द्वारा बैगा जन जाति की संस्कृति के संरक्षण के लिए जन जाति विकास परियोजना बैहर को 05 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। इस राशि से सेमरखेरो, बांधाटोला, पंड्रापानी एवं अन्य ग्रामों के बैगा समूहों को वाद्ययंत्र प्रदाय किये जा चुके है। शिविर में कोरका के बैगा नृतक दल ने पारंपरिक बैगा नृत्य प्रस्तुत किया। जिस पर एसडीएम श्री कमल सिंहसार ने उन्हें अपनी ओर से 03 हजार रुपये की राशि प्रदान की।

किसानों को रागी एवं कोदो बीज मिनीकिट का वितरण किया गया

शिविर में अनुविभागीय कृषि अधिकारी लांजी खुदीराम सनोडिया, वरिष्ठ कृषि विभाग अधिकारी कुलदीप गनवीर एवं क्षेत्रीय कृषि विस्तार अधिकारी कुमारी एकता पंद्रे कृषि विभाग की योजनाओं एवं वन पट्टाधारी कृषकों हेतु संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में बैगा और गोंड कृषकों महासिंह मरावी, लामिया धुर्वे, महेश टेकाम, चैतीबाई मरावी, अजनसिंह मरावी, जमना बाई, शोभन पंद्रे, संपत सिंह परते, धोबी सिंह परते, टेकसिंह टेकाम को 20 किलो कोदो व 32 किलो रागी के बीज मिनीकिट प्रदाय किये गये।

 108 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया

शिविर में बीएमओ डॉ अक्षय उपराडे, डॉ हितेश नागपुरे, डॉ नीलिमा वाहने,बीपीएम मनीष पांडे, बीसीएम अरुणा रनदिवे, फार्मसिस्ट संदीप रामटेक्कर, सीएचओ डॉ मयंक शुक्ला, अलका गोढूड़े, सीएचओ नेहा उइके, एएनएम मेहंदी सर्राठे, चित्रा लिल्हारे, रानी जाधव,एमपीडब्लू आरिफ हुसैन, एमटीएलएस विजय पटेल, एमटीएस श्यामलाल पटले, जयसिंह मरकाम वार्ड बाय ने अपनी सेवायें प्रदान की और 108 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें 46 पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान बनाये गए। 50 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई जिसमें टीबी के 10 संभावित मरीज चिन्हित किये गए। जांच में मलेरिया के 02 मरीज पाये गये। एनसीडी अंतर्गत 105 ग्रामीणों की शुगर, बीपी एवं सिकलसेल की जाँच की गई।

शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्श कांत शुक्ला, सहायक कलेक्टर आकाश अग्रवाल, लांजी एसडीएम कमल सिंहसार, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी ओमप्रकाश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी परेश उपलप, सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक जी पी बर्मन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना ईकाई के महाप्रबंधक, श्रम अधिकारी राकेश ठाकरे, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रामगोपाल यादव, तहसीलदार, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन यंत्री एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button