पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने दिव्यांग जनों को वितरित किए ट्राई साइकिल एवं सहायक उपकरण
ट्राई साइकिल एवं उपकरण दिव्यांग जनों के कष्ट कम करने का माध्यम है : मंत्री प्रहलाद पटेल

बालाघाट| मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने 11 जुलाई को सांदीपनी विद्यालय बालाघाट के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में 240 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल एवं सहायक उपकरणों का वितरण किया। मंत्री प्रहलाद पटेल ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिव्यांगजनों को एक सम्मानजनक नाम दिया है। दिव्यांगजनों को शासन की सभी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए और उन्हें कहीं पर भी आवेदन करने की आवश्यकता नहीं पड़ना चाहिए। मंत्री प्रहलाद पटेल ने दिव्यांग जनों की पहचान कर उनके पंजीयन और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने में अच्छा कार्य करने के लिए बालाघाट जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस शिविर में दिव्यांग जनों को प्रदाय किए गए उपकरण एवं सामग्री उनके जीवन के कष्टों को कम करने का माध्यम मात्र है। यह उपकरण और सामग्री दिव्यांग जनों को स्वावलंबी बनाने में मदद करेगी।

मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि जब वे सांसद थे तो उनके प्रयासों से 80 प्रतिशत दिव्यांगता वाले दिव्यांग जनों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना में विवाह की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। उन्होंने कहा कि ईश्वर यदि किसी व्यक्ति को देने में कुछ कमी कर देता है तो उसे किसी अन्य क्षेत्र में ज्यादा दे देता। दिव्यांग जनों के साथ भी ऐसा ही है, ईश्वर ने उन्हें आत्मविश्वास दिया है।
कलेक्टर मृणाल मीणा ने इस अवसर पर बताया कि बालाघाट जिले में दिव्यांग जनों का सर्वे कर उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने का काम किया जा रहा है। अब तक 6615 दिव्यांग जनों को शासकीय योजनाओं से जोड़ा गया है। दिव्यांग जनों को सहायक उपकरण एवं सामग्री प्रदान करने के लिए यह 10 वां शिविर लगाया गया है। असंगठित क्षेत्र के लोगों को अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इस वित्तीय वर्ष में अटल पेंशन योजना में 2000 के लक्ष्य के विरुद्ध 12 हजार लोगों को जोड़कर बालाघाट जिला सम्पूर्ण देश में प्रथम स्थान पर है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ ने इस अवसर पर बताया कि दिसंबर 2024से अब तक जिले में 06 हजार दिव्यांग जनों को 05 करोड़ 88 लाख रुपए के 14 हजार सहायक उपकरण एवं सामग्री निःशुल्क प्रदाय की गई है। आज के शिविर में 240 दिव्यांग जनों को ट्राई साइकिल एवं सहायक उपकरण प्रदान किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर मृणाल मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ, नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा लिल्हारे, जनपद अध्यक्ष फूलचंद सहारे, उपाध्यक्ष शंकर लाल बिसेन, जिला पंचायत सदस्य रुक्मणी माहुले, स्मिता टेकाम, डुलेन्द्र ठाकरे, विधायक प्रतिनिधि सुखदेव मुनि कुतराहे, अभय सेठिया, आनंद कोछड़, अन्य जनप्रतिनिधि एवं आधिकारी उपस्थित रहे ।



