
बलौदाबाजार। जिले में अवैध/अनाधिकृत रूप से प्रवासियों की संभावना हो सकती है। सांस्कृतिक, जातीय बोलचाल, रहन-सहन में समानताएं होने के कारण कई बार ऐसे प्रवासियों पर ध्यान नहीं दिया जाता। ऐसे अवैध प्रवासी नागरिक अधिकारों का उल्लंघन करने के साथ-साथ गंभीर सुरक्षा की चुनौतियां भी पैदा कर सकते हैं। पुलिस द्वारा कानून संबंध प्रक्रिया के तहत ऐसे तत्वों की पहचान अति आवश्यक है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में जिले में अवैध/अनाधिकृत प्रवासियों की गहन जांच एवं पहचान के लिए जिले के समस्त थाना चौकी क्षेत्र अंतर्गत विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिले में अवैध रूप से बांग्लादेशी/रोहिंग्यो घुसपैठियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के लिए विशेष टीम गठित कर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर प्लांट एरिया, फैक्ट्री/लकड़ी चालों, भीड़-भाड़ वाले रहवासी क्षेत्रों, रहने वाले किरायेदारों, वनांचल क्षेत्रों के फार्म हाउस आदि को चेक किया गया। चेकिंग के दौरान बलौदाबाजार अनुविभाग अंतर्गत विशेष रूप से जिले के सीमेंट संयंत्रों न्यू विस्टा, अंबुजा एवं न्यूवोको संयंत्र में कार्यरत एवं इन संयंत्र के आसपास क्षेत्र में निवासरत ठेका कर्मियों की जांच तस्दीक उनके फिंगरप्रिंट लिए गए है। इस दौरान मानव कॉलोनी रवान, ग्राम रिसदा, सोनाडीह, रावन आदि क्षेत्रों में रहने वाले बाहरी प्रांत से आए श्रमिकों के आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर एवं उनके फिंगरप्रिंट लिया गया है। प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर उनके मूल निवास की जांच तस्दीक पृथक से की जा रही है। इसी क्रम में भाटापारा अनुविभाग क्षेत्र अंतर्गत अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र, श्री सीमेंट, थाना हथबंद क्षेत्र अंतर्गत नवनिर्मित विभिन्न संयंत्रों, ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात संयंत्र, भाटापारा रेलवे स्टेशन के आसपास क्षेत्र एवं शहर क्षेत्र में स्थापित विभिन्न पोहा एवं दाल मिल में कार्यरत श्रमिकों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर उनके फिंगरप्रिंट लिए गए हैं। कसडोल अनुविभाग अंतर्गत वनांचल राजादेवरी, बया क्षेत्र में स्थित फार्म हाउस में कार्यरत मजदूर एवं श्रमिकों के संबंध में जानकारी लेकर उनका फिंगरप्रिंट लिया गया है। इसके साथ एक गिरौदपुरी मंदिर क्षेत्र में आने वाले ठेला, खोमचा लगाने वाले बाहरी प्रांत के लोगों के भी दस्तावेज प्राप्त किए गए हैं। संपूर्ण प्रक्रिया में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र अंतर्गत ठेला, खोमचा, रोड किनारे विभिन्न फुटकर की दुकान लगाने वाले लोगों, नेशनल हाईवे एवं सड़क मार्ग के किनारे दुकान लगाने वाले बाहरी लोगों से सभी पूछताछ कर उनके फिंगरप्रिंट लिए गए हैं। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा संपूर्ण जांच अभियान के तहत कुल 1115 लोगों के फिंगरप्रिंट लिए गए हैं। साथ ही इन सभी लोगों के आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड आदि प्राप्त कर उनके स्थाई निवास आदि की जांच तस्दीक हेतु उनके मूल निवास जिले में भी पत्राचार किया गया है। अभी तक की संपूर्ण जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार से अवैध प्रवासी की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। जिले में पुलिस टीमों द्वारा अवैध/ अनाधिकृत प्रवासियों के संबंध में जांच अभियान प्रक्रिया लगातार जारी है।




