विधानसभा सहप्रभारी फिरोज नियाजी का किया सम्मान
संगठन विस्तार व आगामी कार्यक्रमों को लेकर बैठक में बनाई रणनीति

बालाघाट| आम आदमी पार्टी की संगठन विस्तार को लेकर २ जून सोमवार को लालबर्रा पांडरवानी में विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित हुई। ब्लॉक संगठन के दायित्व निर्धारण एवं सदस्यता अभियान के संबध में बालाघाट विधानसभा के नव-नियुक्त बालाघाट विधानसभा सह प्रभारी फिरोज नियाजी का सम्मान किया गया और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से आप पार्टी जिलाध्यक्ष शिव जायसवाल, सचिव रजनीश नायडू, जिला कार्यालय प्रमुख अनिल ब्रम्हे, वरिष्ठ पदाधिकारी रामचंद्र सिहोरे, मो. आरिफ अली, भोलाराम सराटे, महिला जिला उपाध्यक्ष प्रीति ब्रम्हे, छतरलाल हल्लूमारे सहित अन्य उपस्थित रहे।
इस संबंध में आप पार्टी जिलाध्यक्ष शिव जायसवाल ने कहा कि पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी ने जिला बालाघाट संगठन विस्तार के क्रम में जिले की सभी ६ विधान सभाओं के प्रभारी और सह प्रभारियों सहित लीगल विंग के जिलाप्रभारी और जिला सहप्रभारियों की सूची जारी कर दी है। सूची जारी होने के बाद सभी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर सभी पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं के आवश्यक सुझाव लिये जा रहे है। संगठन के विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जिला मुख्यालय में आगामी दिनों में कार्यक्रम आयोजन को लेकर भी रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश व केन्द्र की सरकार द्वारा चलाई जा रही जन विरोधी नीतियों का पार्टी द्वारा समय-समय पर विरोध किया जाता है। किसान गरीब मजदूर व हर वर्ग की समस्याओं को लेकर व उनके हितों के लिये पार्टी हमेशा संघर्षरत है। बैठक में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव रखे।



