भरवेली पुलिस ने किया 48 घण्टे में हत्या का खुलासा
अंत्येष्टि के दौरान संदिग्ध चोटें दिखने पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा आरोपी गिरफ्तार

बालाघाट| पुलिस अधीक्षक बालाघाट नगेंद्र सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली सिंह के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी भरवेली उप निरीक्षक संजय ऋषिश्वर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। उक्त टीम को अज्ञात रूप से की गई हत्या का खुलासा करने एवं आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। बालाघाट के मानेगांव में रहने वाले 52 वर्षीय सुदेश सिंगरे की हत्या की गई थी। यह खुलासा पोस्ट मॉर्टम रिपोर्ट से हुआ है। पहले भरवेली थाना पुलिस इसे सामान्य मौत मान रही थी। पोस्टमॉर्टम से पता चला कि सुदेश की गर्दन की हड्डी टूटने से सांस नली बंद हुई, जिससे मौत हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया और जांच शुरू की। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मानेगांव के रहने वाले 43 वर्षीय रंजीत उर्फ माजू केट्टी और 42 वर्षीय सुरेश हिरवाने ने मोटर चोरी के शक में सुदेश को खेत में बुलाया था। आरोपियों ने उसे शराब पिलाई और मोटर चोरी के बारे में पूछताछ की। इस दौरान विवाद हुआ और दोनों ने सुदेश की पिटाई कर दी। 21 मई को आरोपी सुदेश को नशे की हालत में घर छोड़ गए। अगले दिन उसकी तबीयत बिगड़ी और जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रात में उसकी मौत हो गई। परिजन शराब पीने से मौत का कारण मानकर शव घर ले आए। 23 मई को अंत्येष्टि की तैयारी के दौरान शरीर पर चोट के निशान दिखे। पुलिस को सूचना मिली और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था। थाना प्रभारी संजय ऋषिश्वर के अनुसार, शरीर पर हलके निशान होने और अंदरूनी चोट होने के कारण शुरू में मामला सामान्य लगा। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।


