छत्तीसगढ़राज्य

भालू के हमले से चार ग्रामीण घायल: उपमुख्यमंत्री पहुंचे अस्पताल, वन विभाग ने दी त्वरित सहायता

 

कवर्धा। कबीरधाम जिले के थुहापानी आरएफ 70 के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ाई के दौरान प्रात: करीब 7 बजे दो भालुओं ने अचानक हमला कर दिया, जिससे चार ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल ग्रामीणों में ग्राम बाघूटोला के सुखराम व. बिसाहू पटेल (60 वर्ष), उमेंद्र व. शिवप्रसाद पटेल (45 वर्ष), ग्राम चिखली की झुलन बाई व. सुनउ साहू (35 वर्ष) तथा ग्राम दियाबार की राजमति व. भगवानी (35 वर्ष) शामिल हैं। हमले के बाद घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय कवर्धा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सुखराम पटेल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। शेष तीन घायलों का इलाज कवर्धा में जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी, परिसर रक्षक थुहापानी व अन्य वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों के परिजनों को त्वरित सहायता के रूप में आर्थिक मदद प्रदान की गई। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वयं जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, खिलेश्वर साहू, रामप्रसाद बघेल, मोहन ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। वन और स्वास्थ्य विभाग को उपमुख्यमंत्री ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Related Articles

Back to top button