सरकारी आवास में रेत परिवहन को लेकर भड़की विधायक
समर्थको के साथ पहुँची थाने दर्ज की शिकायत

बालाघाट| जिला मुख्यलय में कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे और खनिज निरीक्षक मुकेश बाड़िवा के बीच सरकारी आवास में रेत परिवहन को लेकर विवाद हो गया। रेत की ट्रॉली रोकने पर विधायक खनिज अफसर पर भड़क गई, कहा-तेरी गाड़ी फोड़ दूंगी। पुलिस अधीक्षक से उन्होंने कहा कि इसे रोकिए नहीं तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ जाऊंगी। घटना सोमवार दोपहर में बाग कॉलोनी स्थित शासकीय आवास की है। विधायक के यहां रिनोवेशन का काम चल रहा है। इसके लिए भौंर सिंह मुहारे का ट्रैक्टर रेत की ट्रॉली लेकर पहुंचा था। इसे खनिज निरीक्षक ने अवैध बताते हुए रोक लिया। विधायक कार्यालय में सहयोगी अफसर ने अनुभा मुंजारे को इसकी सूचना दी। मामला तब और बिगड़ गया जब खनिज निरीक्षक ने कथित तौर पर विधायक को नहीं पहचानने की बात कही। उनके सहयोगी का मोबाइल छीन लिया। जिसके बाद मौके पर पहुंची विधायक ने अफसर को फटकार लगाई। उन्होंने इस मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और प्रभारी मंत्री से इसकी शिकायत की।
विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी
बालाघाट में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। खनिज विभाग इस पर कार्रवाई नहीं कर रहा। बंगले पर रिनोवेशन किया जा रहा है। यहां रेत लग रही है। खनिज निरीक्षक मुकेश बाड़िवा से रेत 10 ट्रॉली मांगा था। जिसका भुगतान देने के लिए तैयार थे। दो ट्रॉली रेत आई। खनिज निरीक्षक ने गाड़ी रोक कर ड्राइवर से मारपीट करने की कोशिश की। सहयोगी के साथ धक्का-मुक्की की। इसकी शिकायत हमने कोतवाली थाने में की है। यदि कार्रवाई नहीं होती है तो मैं पुलिस के खिलाफ सड़क पर बैठकर आंदोलन करूंगी।
अफसर खड़े ट्रैक्टर कर रहे जब्त
विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि तीन दिन से खनिज इंस्पेक्टर गांव के गरीब लोगों को सता रहे हैं। इन्होंने खैरी, कुम्हारी, भटेरा में आतंक मचा रखा है। ये खड़े ट्रैक्टर जब्त कर रहे हैं। बड़े चोरों के खिलाफ कुछ नहीं कर रहे। ट्रैक्टर ड्राइवर के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की हुई है। एसपी, कलेक्टर और प्रभारी मंत्री राव उदयप्रताप सिंह से बात हुई है। इस तरह जनता को प्रताड़ित करेंगे, तो सहन नहीं किया जाएगा। हम अवैध रेत खनन नहीं होना चाहिए। इस पर रोक लगना चाहिए। इस पर जिला प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।
“विधायक महोदय ने खनिज की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। “
वैशाली सिंह कराहलिया
सीएसपी बालाघाट

