
बेमेतरा। बेमेतरा जिले में तेज आंधी और तूफान के कारण भारी तबाही देखने को मिली। देवकर क्षेत्र की एक राइस मिल में शेड गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 से 6 अन्य मजदूर घायल हो गए। इसके अलावा, परपोड़ी में आगजनी और मोबाइल टॉवर के झुकने से संचार नेटवर्क ठप हो गया। जगह जगह पेड़ धराशाई होने से आवागमन बाधित रहा। कोदवा स्टेट हाइवे में तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, नन्दकुमार निषाद (40 वर्ष), निवासी ग्राम चोंगी खपरी, और बिसवंतीन साहू (50 वर्ष), पत्नी चुरावन साहू, निवासी ग्राम राखी जोबा, देवकर क्षेत्र की एक राइस मिल में धान के बोरे जमाने का काम कर रहे थे। तभी तेज आंधी के चलते टीन शेड भरभराकर गिर पड़ा और दोनों मजदूर नीचे दब गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस हादसे में चार अन्य मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




