
रायपुर। गुरुवार की शाम अचानक मौसम का मिजाज बदलने से कई जगहों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। राजधानी रायपुर में तेज धूल भरी आंधी चली। करीब 50-60 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने से कई जगह पेड़ और होर्डिंग्स गिर गए। हल्के हवा के झोंके ने रायपुर को अस्त-व्यस्त कर दिया। यहां पर लगी विशालकाय होर्डिगों ने जनता के जान को जोखिम में डालने का काम किया। रायपुर नगर निगम के सुरक्षा के दावों का हवा के झटके ने पोल खोल दिया। रायपुर में आंधी ने सिमगा के टोल प्लाजा को तहस-नहस कर दिया, जो सड़क पर गिर पड़ा। देवेंद्र नगर में सड़क पर बना शेड ढह गया, जिसके नीचे कई कारें दब गईं। घटना के बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और लोगों का रेस्क्यू किया गया। वहीं जेसीबी की मदद से टीन शेड हटाने का काम किया जा रहा है। इस दौरान मौके पर पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा भी मौजूद रहे। इसके साथ ही अन्य शहरों में भी आंधी-तुफान के कारण जन-जीवन प्रभावित रहा। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।




