जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला: आतंकवादियों ने 26 से अधिक पर्यटकों को मारी गोली
हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू

अनंतनाग। जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम के पास मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला कर दिया जिसमें 2६ से अधिक पर्यटकों के मारे जाने और आठ अन्य के घायल होने की आशंका है। यह हमला अपराह्न करीब 1 बजे हुआ, जो पहलगाम के एक पर्यटक स्थान है। हमले पर केंद्र सरकार ने तत्काल प्रतिक्रिया व्यक्त कर और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा का नेतृत्व करने के लिए श्रीनगर पहुंच गए। शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी घटना के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री दोनों ने अपराधियों को नहीं बख्शने का प्रण लिया है। अधिकारियों ने बताया कि बंदूकधारियों ने पहलगाम के पास बैसरन में पर्यटकों के एक समूह पर गोलीबारी की, जिसमें बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें एक पर्यटक महिला रोती हुई कह रही है कि वे ‘भेल पुरी’ खा रहे थे, तभी एक आतंकवादी ने उसके पति को गोली मार दी। वीडियो में एक और महिला रोती हुई अपने पति को बचाने के लिए मदद मांग रही है। सूत्रों ने बताया कि आतंकवादी हमले में 25 से अधिक पर्यटक मारे गये हैं। अधिकारियों ने बताया कि आठ घायलों को पहलगाम के एक चिकित्सा केंद्र में लाया गया और उनमें से दो को गंभीर हालत में श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर वाहनों से नहीं पहुंचा जा सकता और सुरक्षा बलों को पैदल ही घटनास्थल पर भेजा गया है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।




