छत्तीसगढ़राज्य

भाजपा नेता के कार की टक्कर से युवा कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत

बड़ी संख्या में ग्रामीण, कांग्रेस कार्यकर्ता और परिजन थाने और अस्पताल के बाहर जमा

कोंडागांव। जिले में एक बड़ी और सनसनीखेज घटना सामने आई है। भाजपा नेता की कार की टक्कर से युवा कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत हो गई है। मृतक युवक वर्तमान में मुलमुला पंचायत का पंच था और युवा कांग्रेस में विधानसभा उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय था। यह हादसा डोगरी गुड़ा के पास हुआ। घटना के बाद से माहौल बेहद तनावपूर्ण है। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला अस्पताल के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठ गए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि यह एक सुनियोजित हत्या है, और वे आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पूर्व मंत्री मोहन मरकाम सहित कई कांग्रेसी नेता मौके पर मौजूद हैं। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग चुकी हैं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ है। कांग्रेस और मृतक के परिजन थाने का घेराव कर आरोपी को सामने लाने की मांग कर रहे हैं। आरोप ये भी लगाया जा रहा है कि पुलिस आरोपी को बचाने के लिए कार बदलने का प्रयास कर रही है। स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और बड़ी संख्या में ग्रामीण, कांग्रेस कार्यकर्ता और परिजन थाने और अस्पताल के बाहर जमा हैं।

सोची समझी हत्या की साजिश : मरकाम

मोहन मरकाम पूर्व मंत्री छ.ग. शासन ने कहा कि हमारे होनहार साथी और उनकी भाभी चंपी भोयर को आरोपी पुरेंद्र कौशिक ने उन्हें कुचलने का काम किया है। पहले से ही उनके पीछे लगे हुए दौर उनकी हत्या करने का प्रयास किया है। हमारे कार्यकर्ता और ग्रामीणों के चक्काजाम के बाद पुलिस थाने का घिराव करने के बाद पुलिस आरोपी को आनन फानन में गिरफ्तार करके लाई है। राजनीति का धौंस दिखाकर डराने का काम किया गया है। हम डरेंगे नहीं हम लड़ेंगे।

पूर्व में भी जान से मारने की धमकी मिली थी : बबलू भोयर

मृतक का बबलू भोयर ने बताया कि मेरा भाई और मेरी भाभी शादी का सामान खरीदने कोण्डागांव बाजार आ रहे थे, डोंगरीगुड़ा के पास पुरेंद्र कौशिक ने पीछे से आकर टक्कर मार दी। पंचायत चुनाव के समय से ही रंजिश चल रही थी। बहुत दिनों से टारगेट बना रहे थे, और मेरे भाई को पूर्व में भी धमकी मिली थी। उसको मौका मिला तो उसने मार दिया।

आरोपी को गिरफ्तार कर जांच चल रही है : एसडीपीओ

जैसे ही घटना की जानकारी मिली हमने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। और हमने मर्ग कायम कर लिया है। और इन्वेस्टिगेशन चल रही है, जांच में जो पाया जायेगा उस पर कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Back to top button