मध्यप्रदेशराज्य

सीएम राइस विद्यालय लालबर्रा में प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन

नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ तिलक वंदन व सम्मान

 

बालाघाट| शासन के निर्देशानुसार ‘स्कूल चले हम अभियान’ के अंतर्गत दिनांक 1 अप्रैल दिन मंगलवार को सीएम राइस शासकीय विद्यालय लालबर्रा में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर शिक्षा विभाग एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर अतिथियों द्वारा तिलक वंदन व पूजन-अर्चन के साथ हुई। तत्पश्चात  नागदेव मैडम द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया,जिसे सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। मंच से नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक कर एवं फूल माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

नवप्रवेशित विद्यार्थियों को मिली निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय में नवदाखिला लेने वाले सभी विद्यार्थियों को शासन की गाइडलाइन के अनुसार निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें वितरित की गईं। साथ ही कक्षा 5वीं एवं 8वीं के वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

अतिथियों ने व्यक्त किए प्रेरणादायक विचार

अपने उद्बोधन में सभी अतिथियों ने शिक्षा के महत्व, सीएम राइस योजना की उपयोगिता एवं शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम करने की प्रेरणा दी। अंत में प्रभारी प्राचार्य  सनत दुबे ने समस्त अतिथियों, अभिभावकों,शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए स्कूल परिवार की ओर से बेहतर भविष्य निर्माण का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम उपरांत अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं व विद्यार्थियों को सामूहिक भोज कराया गया। प्रवेश उत्सव का यह आयोजन प्रेरणादायक, उत्साहवर्धक एवं पूर्णतः सफल रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीपीसी बालाघाट घनश्याम बर्मन,ओआईसी खरे, बीईओ लालबर्रा वाय. आर.गजभिये, बीआरसी श्रीराम तुरकर एवं प्रभारी प्राचार्य सनत दुबे उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सभापति व जिला पंचायत सदस्य झामसिंह नागेश्वर, विधायक प्रतिनिधि व पाढ़रवानी सरपंच अनीश खान, विधायक प्रतिनिधि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा शैलेष कैकती, गिरीश पाठक, साखला जी,सुमित स्वामी, एसएमडीसी सदस्य राजू ऐड़े सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की।

Related Articles

Back to top button