मध्यप्रदेशराज्य

विक्रम संवत् 2082 के स्वागत में गढ़वाल समाज ने चलाया वैनगंगा तट पर स्वच्छता अभियान

पोटियापाट गूंज उठा "हर-हर महादेव" और "जल बचाओ, जीवन बचाओ" के नारों से

 

बालाघाट| हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत् 2082 के पावन आरंभ पर गढ़वाल समाज लालबर्रा ब्लॉक द्वारा एक प्रेरणादायी स्वच्छता अभियान का आयोजन पुण्यसलिला वैनगंगा नदी के तट पोटियापाट घाट पर किया गया। यह पावन स्थल लालबर्रा से लगभग 7-8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। प्रातः 8 बजे प्रारंभ हुए इस अभियान में समाज के सभी वर्गों बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। घाट पर फैले झिल्ली, प्लास्टिक पन्नियाँ, बोरियाँ, लकड़ियाँ, पैरा, कंडे, चाय के कप, भोजन की थालियाँ आदि को श्रमदान द्वारा इकट्ठा कर उचित रूप से नष्ट किया गया। इसके उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने वैनगंगा में पवित्र स्नान कर पोटियापाट बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना की। यह पूजन पं. राजेन्द्र दुबेजी महाराज पाथरसाही वाले द्वारा संपन्न करवाया गया। पूजन के पश्चात पं. राजेन्द्र दुबे महाराज ने कहा कि “विक्रम संवत् का शुभारंभ स्वच्छता और सेवा जैसे पुण्य कार्यों से हो, यह समाज की जागरूकता और श्रद्धा का प्रतीक है। पवित्र वैनगंगा का तट सिर्फ स्नान का स्थल नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और समाज सेवा का केंद्र भी बन रहा है। मैं गढ़वाल समाज को इस प्रेरक कार्य के लिए साधुवाद देता हूं और बाबा पोटियापाट से सभी के कल्याण की कामना करता हूं।” इस अवसर पर जनसमूह ने एक स्वर में गूंजते हुए नारे लगाए “जल बचाओ, जीवन बचाओ”, “मोक्षदायिनी गंगा मैया की जय”, “पोटियापाट की जय”, “भारत माता की जय”, “हर-हर महादेव”, “जलगंगा अभियान अमर रहे”।

यह आयोजन नदियों की स्वच्छता को केवल पर्यावरणीय दायित्व नहीं, बल्कि सांस्कृतिक संवेदनशीलता और सामाजिक चेतना का प्रतीक बनाकर प्रस्तुत करता है। “नदियों के पावन घाटों की स्वच्छता केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि आस्था की गरिमा और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का सजीव संकल्प है।” इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जो उपस्थित रहे उनमें मीना कुरुमजी अध्यक्ष, अखिल भारतीय गढ़वाल समाज मंडल पांढरवानी, बसंतराव ढबाले सरपंच ग्राम पंचायत बम्हनी, पं. राजेन्द्र दुबेजी महाराज, भूरिया सिलेकर, ईश्वरी गोयल, डी.पी. सिलेकर, अरुण गोयल, पिंटू नागेश्वर, प्रदीप सूर्यवंशी, शीतल हरिद्वाज, संतोष नागेश्वर, आकाश नागेश्वर, कपिल हरिद्वाज, लिखीराम हरिन्द्रवार, गणेश नागेश्वर, विवान नागेश्वर, छवि नागेश्वर, नेतलाल कुरुमजी, महेन्द्र धानेश्वर, प्रफुल्ल वराड़े, नूरांश धानेश्वर, हेमलता धानेश्वर, गीता हरिद्वाज, सुनीता भारद्वाज, प्रवीण धानेश्वर, धनेन्द्र धानेश्वर, किशोर गोयल, अभिषेक शिववंशी, तथा भवन्या धानेश्वर प्रमुख थे।

गढ़वाल समाज को साधुवाद-ढबाले

ग्राम पंचायत बम्हनी के सरपंच बसंतराव ढबाले ने अपने उद्बोधन में कहा कि “यह बड़े हर्ष का विषय है कि नववर्ष के पावन अवसर पर गढ़वाल समाज ने पोटियापाट में स्वच्छता अभियान चलाया। मैं सभी को साधुवाद देता हूं और मां वैनगंगा एवं पोटियापाट बाबा से सभी की मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करता हूं। समाज का सहयोग सदैव बना रहे, और हमारी ओर से भी हर सम्भव सहायता के लिए मैं तत्पर रहूंगा।”

आज से समाजसुधार के कार्य जारी-हरिन्‍द्रवार

समाज के वरिष्ठजन लिखीराम हरिन्द्रवार ने कहा कि “विगत 10 वर्षों से जो सामाजिक सुधारात्मक गतिविधियाँ रुकी हुई थीं, उनकी पुनः शुरुआत आज नववर्ष के दिन वैनगंगा तट से हो रही है। शासन-प्रशासन की तरह हम भी समाज के स्तर पर अपने पुण्यस्थलों को स्वच्छ और संरक्षित रखने का संकल्प ले रहे हैं।”

हनुमान जयंती पर 10 ग्रामों में बांधे जाएंगे जलपात्र
गढ़वाल समाज द्वारा आगामी हनुमान जयंती के अवसर पर 12 अप्रैल को पुनः वैनगंगा तट पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, पक्षियों के लिए 10 ग्रामों क्रमश: पांढ़रवानी, कटंगटोला, आमाटोला, अतरी, छोटी पनबिहरी, बड़ी पनबिहरी, मानपुर, औलियाकन्‍हार, अमोली एवं लालबर्रा में जलपात्र बांधने का भी संकल्प लिया गया है, जिससे समाज केवल मनुष्यों ही नहीं, प्रकृति के प्रत्येक जीव के प्रति संवेदना व्यक्त कर सके।

Related Articles

Back to top button