
जशपुरनगर। मुस्लिम धर्मावलंबियों का पवित्र महीना माह-ए-रमजान का आखिरी जुमा की नमाज शुक्रवार को अदा की गई। इस दौरान मस्जिद में बड़ी तादाद में लोग अलविदा जुमा की नमाज अदा करने पहुंचे। साथ ही बड़ी संख्या में बच्चे भी जामा मस्जिद जशपुर पहुंचे। रहमतों का महीना रमजान अब पूरे एक साल के लिए अलविदा हो रहा है। हर साल की तरह इस साल भी नौजवानों के साथ ही बच्चों में रमजान की खुशियां साफ साफ दिखाई दे रही है। छोटे-छोटे नौनिहाल बच्चों ने भी रोजे रखकर इबादत किए। इनमें दर्जी मोहल्ला निवासी 8 साल के हुजैफा अंसारी ने अबतक के पूरे 27 रोजे पूरे किए। कम उम्र होने के बावजूद भी बिना किसी दबाव के रमजान में रोजे से मिलने वाली खुशी को हासिल करने के लिए रोजे रखे। हुजैफा के साथ ही 6 साल की जुड़वां बहनें जुनैरा और नवीरा ने भी कुछ रोजे रखे।
दोस्तों ने किया स्वागत
हुजैफा और जुनैरा व नवीरा के रोजे रखने की जानकारी मोहल्ले के बच्चों को होने पर अलविदा जुमा के मौके पर उनका स्वागत सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस दौरान तालिब कुरैशी, जरीन कुरैशी, जोया कुरैशी, अशद अंसारी, रिजान अंसारी के साथ ही अरफा और आयशा ने अपने रोजेदार दोस्तों को बधाई और मुबारक बाद दी।
बुराईयों पर काबू पाने और मदद की सीख
माह-ए-रमजान बुराइयों पर काबू पाने के साथ ही कमजोर और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख देता है। बच्चों ने कहा हम सभी रमजान का एहतराम करते हैं और अच्छे कामों में वक्त गुजारते हैं।



