छत्तीसगढ़राज्य

आयुक्त राजीव पाण्डेय ने प्रगति मार्केट सहित कई विकास कार्यों का किया निरीक्षण, दुकानों के संचालन में लाई जाएगी तेजी

भिलाईनगर/ नगर पालिक निगम भिलाई के जोन-04 अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों और सुविधाओं का निरीक्षण निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगति मार्केट में निर्मित दुकानों के संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। आयुक्त पाण्डेय ने जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे के साथ प्रगति मार्केट (खुर्सीपार, जोन क्रमांक 04) का दौरा किया। यहां उन्होंने खाली दुकानों के शीघ्र संचालन हेतु रुचि की अभिव्यक्ति (EoI) प्रक्रिया को अविलंब प्रारंभ करने को कहा। साथ ही, दुकानों के किराया निर्धारण को लेकर प्रस्ताव महापौर परिषद की आगामी बैठक में रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 38, सोनिया गांधी नगर में अधोसंरचना मद से प्रस्तावित नाली निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। इस कार्य हेतु शासन को प्रस्ताव भेजा गया है, और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। इसके अतिरिक्त, वार्ड क्रमांक 42, गौतम नगर में एस.एल.आर.एम. सेंटर (Solid & Liquid Resource Management) के विस्तार हेतु जारी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। यह सेंटर क्षेत्र के घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे का एकत्रीकरण, पृथक्करण, और पुनः उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। छांटे गए कचरे से खाद निर्माण और अन्य उपयोगी सामग्रियों का निर्माण किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 43, बापू नगर में निर्माणाधीन सीमेंटीकरण रोड का भी निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पानी सिंचाई के निर्देश दिए। साथ ही वार्ड की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए, कर्मचारियों को किसी भी समस्या की स्थिति में जोन आयुक्त को तत्काल सूचित करने के लिए कहा गया। इस दौरान कार्यपालन अभियंता रवि सिन्हासहायक अभियंता प्रिया करसेसहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत मांझी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button