
उतई। नगर पंचायत उतई में जिला कार्यक्रम अधिकारी आर के जाम्बुलकर एवं जिला महिला बाल विकास अधिकारी अजय साहू के मार्गदर्शन में परियोजना स्तरीय बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, नगर पंचायत उतई के पार्षद गण संगीत रजत, अनीता गढ़े विजयलक्ष्मी, रामशिला नेताम, लता सोनवानी, खूबीराम साहू, लक्ष्मीनारायण साहू, प्राचार्य चंद्रकिरण साहू, धर्मावती वर्मा के साथ अन्य स्कूल शिक्षक, स्वास्थ्य विभाग से डॉ ममता गेंड्रे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना अधिकारी उषा झा के द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के उद्देश्य से किया गया। जिसमें उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य शिशु लिंगानुपात में कमी लाना और बेटियों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने से हैं। कार्यक्रम में चाइल्ड लाइन से श्रीमती लोकमणी साहू उपस्थित रही जिन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, पाक्सो एक्ट एवं बाल विवाह से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में विस्तृत जानकारी किशोरी बालिकाओं को प्रदान की।नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू ने कहा कि बेटी पढ़ेगी तो देश गढ़ेगी, बेटियां दो कुल को तारती है अतः इनको खुब पढ़ाना और बढ़ाना बहुत आवश्यक है। डॉ ममता ने सभी किशोरी बालिकाओं को पर्सनल हाइजीन और मासिक धर्म के समय स्वच्छता पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। स्कूल प्राचार्य चंद्र किरण साहू ने कहा कि बेटी दो परिवार को संभालती है, उनको अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना आवश्यक है।पर्यवेक्षक प्रमिला वर्मा एवं कंचन गौतम ने बालिकाओं को चुप्पी तोड़ो, बैड टच, गुड टच आदि की जानकारी देते हुए बच्चियों से अपील की कि अगर उनके साथ इस तरह की कोई अनचाही घटना होती है तो बिना डरे अनिवार्य अपनी टीचर, या अपनी सहेली या किसी बड़े को जरूर बताएं।




