पुलिस चौकी पाथरी में आयोजित हुआ नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर
250 से अधिक मरीजों की जांच और चौकी परिसर में किया गया वृक्षारोपण

एकल सुविधा केंद्र के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने बनवाए 190 ग्रामीण जनों के जाति प्रमाणपत्र
ब्यूरो बालाघाट(म0प्र0)

बालाघाट जिले के नक्सल प्रभावित ग्राम पाथरी में दिनांक 2 अगस्त 2025 को एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं मोतियाबिंद जांच-ऑपरेशन शिविर का आयोजन हुआ। यह आयोजन पुलिस प्रशासन, अश्रित फाउंडेशन असाटी दवाखाना मोहगांव, प्योरिटी सर्विसेस जैन हॉस्पिटल बालाघाट,एवं देवजी नेत्रालय जबलपुर के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। शिविर का आयोजन “एकल सुविधा केंद्र”एवं सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य शासन की सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधा और प्रशासनिक भरोसे को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचाना है।

शिविर में 250 से अधिक मरीजों का नि:शुल्क परीक्षण किया गया। मलेरिया, सिकल सेल एनीमिया, शुगर, ईसीजी और अन्य बीमारियों की जांच की गई। मोतियाबिंद की जांच में 45 मरीजों का परीक्षण हुआ, जिनमें से 18 मरीज ऑपरेशन के लिए चयनित किए गए तथा 7 मरीजों को तत्काल जबलपुर भेजा गया। सभी मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गई l

चिकित्सकीय सेवाओं में डॉ. प्रभाशंकर मिश्रा,डॉ. सहन कुमार, डॉ. अंकित असाटी, डॉ. श्रद्धा असाटी और देवजी नेत्रालय के अमित देशपांडे ने सक्रिय योगदान दिया। इस दौरान एकल सुविधा केंद्र के माध्यम से 190 जाति प्रमाण पत्र भी तैयार कर ग्रामीणों को वितरित किए गए, जिससे अब उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ सहजता से मिल सकेगा।

शिविर के दौरान पुलिस विभाग द्वारा विशेष पुलिस सहयोगी भर्ती अभियान के तहत युवाओं को जागरूक किया गया। मुनादी कर ग्रामीणों को बताया गया कि यह भर्ती नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को शासकीय सेवा से जोड़ने का विशेष अवसर है, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकते हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ पर एक प्रेरणादायक पहल करते हुए पुलिस अधिकारियों, चिकित्सकों और बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों द्वारा चौकी परिसर में वृक्षारोपण किया गया। फलदार एवं छायादार पौधों को लगाकर सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और भविष्य की पीढ़ियों के लिए हरियाली का संदेश दिया।

यह आयोजन “एकल सुविधा केंद्र – समस्या छोटी-बड़ी, समाधान साथ खड़ी”की भावना को साकार करता है और सेवा, विश्वास एवं सामाजिक सहभागिता का प्रभावशाली उदाहरण बनकर सामने आया है।

इस अवसर पर करणदीप सिंह, एसडीओपी बैहर , अशोक सिंह जादौन सहायक सेनानी हॉकफोर्स पाथरी , डॉ.अंकित असाटी अध्यक्ष अश्रित फाउंडेशन मोहगांव विक्रम चौधरी डायरेक्टर प्यूरिटी सर्विसेस , शरद लुटे डायरेक्टर प्यूरिटी सर्विसेस , नरेंद्र यादव थाना प्रभारी मलांजखंड तरुण सिंह चौहान चौकी प्रभारी पाथरी की उपस्थिति में किया गया ।




