छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ में 57 हजार शिक्षक और 2160 प्रोफेसर की कमी

एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने 15 जून तक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर सीएम को भेजा पत्र, मांग पूरी नहीं तो होगा चरणबद्ध आंदोलन

 

रायपुर। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एनएसयूआई ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने पत्र में कहा कि प्रदेश के स्कूलों में 57,000 शिक्षकों और कॉलेजों में 2,160 प्रोफेसरों के पद खाली हैं। पांडेय ने कहा कि रिक्त पदों के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रदेश में शिक्षा का स्तर लगातार गिर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में इन पदों पर भर्ती का वादा किया था। एनएसयूआई अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार को बने 16 महीने हो चुके हैं। लेकिन अभी तक शिक्षा के इस अहम मुद्दे पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद प्रदेश के शिक्षा मंत्री भी है। नीरज पांडेय ने मांग की है कि सरकार 15 जून से पहले भर्ती प्रक्रिया शुरू करे। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने चेतावनी दी है कि अगर 15 जून तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होती है, तो एनएसयूआई प्रदेश भर में चरणबद्ध आंदोलन करेगी। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। उनका कहना है कि रिक्त पदों पर भर्ती से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि प्रदेश का शैक्षिक स्तर भी सुधरेगा।

Related Articles

Back to top button