
रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामनगर इलाके में रविवार को खुले गड्ढे में गिरकर एक मासूम की मौत हो गई है, और दो बच्चे गंभीर हो गए। नगर निगम की लापरवाही के चलते ही काफी समय से ये गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया था, जिससे ये बड़ी दुर्घटना हो गई। जहां नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे सिवरेज टैंक के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में तीन मासूम बच्चे डूब गए। स्थानीय लोगों की मदद से दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक बच्चे दिव्यांश की पानी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि डूबे बच्चों की उम्र महज 5 से 7 साल के बीच थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निगम द्वारा खोदे गए गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया था, जिसमें बारिश या पाइपलाइन लीकेज के कारण पानी भर गया था। बच्चों के खेलने के दौरान वे गड्ढे में जा गिरे। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस और राहत टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और निगम की लापरवाही को लेकर रामनगर के लोगों में भारी आक्रोश है, और वहां के लोगों ने प्रशासन से जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तयकर ठोस कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने छत्तीसगढ़ सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मृतक परिवार को बगैर विश्वास में लिये जबरिया रात्रि 1 बजे वाहन के अंदर ही पोस्टमार्टम कराकर दाहसंस्कार कराने का काम इस सरकार द्वारा किया जा रहा था, लेकिन परिजन एवं आम लोगों के मशक्कत करने पर पुलिस की मौजुदगी में सुबह 8 बजे पोस्टमार्टम कराया गया और परिवार वालों द्वारा अंतिम क्रियाक्रम कराये बिना ही 9 बजे दाह संस्कार भी करा दिया गया, मृतक के शव को पुलिस द्वारा श्मशान घाट ले जाया गया। आनन-फानन में परिवार वालों को दूर रखकर पुलिस द्वारा ही अंतिम संस्कार कराया गया, यह भी जाँच का एक विषय है और यह आनन-फानन में पोस्टमार्टम कराना भी संदिग्ध नजर आ रहा है। लोगों में इसी बात का आक्रोश था और वे सरकार को घेरना चाहते थे लेकिन सरकार के दबाव में पुलिस की मौजुदगी में यह कार्य किया गया और इस दौरान सरकार की तरफ से कोई जवाबदार जनप्रतिनिधि महापौर, सांसद और विधायक में से किसी ने पूछ परख भी नहीं की। उपाध्याय ने सीधे-सीधे सरकार को दोषी कहा एवं सरकार के संरक्षण में ही इस कार्य को अंजाम देना बताया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर मृत बालक दिव्यांश के परिवारजनों को तत्काल 4 लाख रूपये की मिली आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के द्वारा रायपुर के गुलमोहर पार्क पीएमवाय कॉलोनी में विगत दिवस हुई आकस्मिक दुर्घटना में मृत बालक दिव्यांश के शोकसंतप्त परिवारजनों को तत्काल 4 लाख रूपये आर्थिक सहायता देने के निर्देश पर परिवारजनों को तत्काल सहायता राशि दी गई। मुख्यमंत्री के आदेश पर रायपुर जिला प्रशासन और रायपुर नगर पालिक निगम के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों के साथ सतत संपर्क बनाकर आकस्मिक घटना के तत्काल पश्चात अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे दो अन्य बालकों की स्थिति पर निगरानी रखे हुए हैं। दोनों बालकों का स्वास्थ्य निरंतर सुधर रहा है। चिकित्सक गण लगातार दोनों बालकों के स्वास्थ्य की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं।


