
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्थापना दिवस और भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर जयंती के निमित्त आगामी 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन करने जा रही है। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा ने एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता में पार्टी कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वर्मा ने बताया कि पार्टी स्थापना दिवस के मौके पर 6 और 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथों, कार्यालयों, अपने-अपने घरों और कार्यकर्ताओं के घरों पर भाजपा का झंडा फहराया/लगाया जाएगा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष वर्मा ने बताया कि इसी श्रृंखला में दिनांक 8-9 अप्रैल को सभी मंडल/विधानसभा स्तर पर सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन रखा जाएगा और फिर 10-11- अप्रैल को ग्राम, बस्ती, बूथों पर घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी और उन पर विस्तार से चर्चा भी की जाएगी। वर्मा ने बताया कि डॉ. बाबासाहब की जयंती से एक दिन पूर्व दिनांक 13 अप्रैल को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। दिनांक-14 अप्रैल को सभी जिला और मंडल मुख्यालय पर माल्यार्पण कर उनके जीवन-वृत्त प्रकाश डाला जाएगा और संगोष्ठी का कार्यक्रम रखा जाएगा। जिला बैठक में जिला/प्रदेश पदाधिकारी, भाजपा सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ, वरिष्ठ कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मंडल संयोजक सदस्यगण अपेक्षित रहेंगे। जिला बैठक में मंडल बैठक पूर्ण करने की योजना बनाई जाएगी। इसी प्रकार मंडल बैठक में बूथ और ग्राम प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। 6 से 14 अप्रैल तक आहूत कार्यक्रमों के लिए जिले से प्रभारी बनाकर भेजे जाएंगे। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृत संकल्पित है। भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन 6 अप्रैल, 1980 को नई दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में आयोजित एक कार्यकर्ता अधिवेशन में किया गया, जिसके प्रथम अध्यक्ष भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी निर्वाचित हुए। अपनी स्थापना के साथ ही भाजपा ने अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं लोकहित के विषयों पर मुखर रहते हुए भारतीय लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज की तथा भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए।




